पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में NIA की छापेमारी के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शख्स को करीब 20 लाख रुपये नकद के साथ पकड़ा गया। मामले की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को भी दी गई है।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई मेन रोड से सटे जुडियो मॉल के पास स्थित एक अपार्टमेंट में हुई। NIA की टीम एक फ्लैट में छापेमारी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान टीम कथित तौर पर गलती से दूसरे फ्लैट में दाखिल हो गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, NIA की टीम को देखकर दूसरे फ्लैट में रहने वाला शख्स घबरा गया और वहां से निकलकर भागने लगा। अपार्टमेंट के नीचे पहले से STF और चित्रगुप्त नगर थाने की पुलिस मौजूद थी। जैसे ही शख्स स्कूटी से भागने की कोशिश करने लगा, पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
स्कूटी की डिक्की से मिले 20 लाख रुपये
तलाशी के दौरान उसकी स्कूटी की डिक्की में रखे एक झोले से करीब 20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। चित्रगुप्त नगर थानेदार शंकर झा के मुताबिक, आधार कार्ड के आधार पर पकड़े गए शख्स की पहचान अनमोल कुमार मोदी के रूप में हुई है। वह पूर्वी चंपारण के चकिया वार्ड नंबर-7 का रहने वाला बताया गया है।
फिलहाल पुलिस अनमोल कुमार मोदी से पूछताछ कर रही है। बरामद रकम के स्रोत और उसके इस्तेमाल को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अब तक वह रकम के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया है।
एक अन्य युवक भी NIA की हिरासत में
वहीं, इसी कार्रवाई के दौरान NIA की टीम ने आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार, कुसुम इनफिनिटी के फ्लैट नंबर 609 से एक मोस्टवांटेड युवक को पकड़ा गया है, जिसे NIA अपने साथ लेकर गई है।
फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हैं। 20 लाख रुपये नकद की बरामदगी और दूसरे युवक की हिरासत के बाद मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है। हालांकि, बरामद रकम और हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका को लेकर जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




