सोनबरसा: रामचंद्र विद्यापीठ एवं ईस्ट एन वेस्ट टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज के संस्थापक स्वर्गीय रामचंद्र प्रसाद सिंह की 77वीं जयंती सोमवार को दोनों संस्थानों में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस दौरान संस्थान के पदाधिकारियों, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मियों और छात्र-छात्राओं ने उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।
सोनबरसा नगर पंचायत क्षेत्र स्थित रामचंद्र विद्यापीठ पैरामेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज के बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और संस्थान के कर्मियों ने हिस्सा लिया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजन कुमार सिंह सहित फिजियोथेरेपी विभागाध्यक्ष डॉ. दानिश, पैरामेडिकल विभागाध्यक्ष बबलू कुमार साह, नर्सिंग प्राध्यापक नीतीश कुमार, प्रशासनिक अधिकारी संजीत कुमार, सहायक अनिकेत कुमार और लेखापाल मनोज कुमार ने स्वर्गीय रामचंद्र प्रसाद सिंह के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान ज्योति कुमारी, सत्यम कुमारी समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
वहीं, स्थानीय ईस्ट एन वेस्ट टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में भी संस्थापक सदस्य स्वर्गीय रामचंद्र प्रसाद सिंह की जयंती पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नागेंद्र कुमार झा ने कहा कि रामचंद्र प्रसाद सिंह सामाजिक सरोकार से जुड़े व्यक्तित्व होने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति विशेष लगाव रखते थे। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया और उनके विचार आज भी लोगों को प्रेरणा देते हैं।
प्राचार्य ने रामचंद्र प्रसाद सिंह के ज्येष्ठ पुत्र रजनीश रंजन के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि रजनीश रंजन अपने पिता के सपनों को साकार करने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक सह जनसंपर्क पदाधिकारी अभय मनोज, बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. बसंत कुमार मिश्रा, डीएलएड विभागाध्यक्ष डॉ. उमाशंकर सिंह, परीक्षा नियंत्रक अंशु गुप्ता, प्राध्यापक प्रमुख डॉ. प्रियंका पांडेय, रंजय कुमार राजा, सुजवल चौधरी, रंजन कुमार सहित सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने स्वर्गीय रामचंद्र प्रसाद सिंह के शिक्षा के प्रति योगदान और उनके विचारों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।






