रोहतास: बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा टल गया, जब सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन (53212) के एक जनरल कोच में अचानक आग लग गई. घटना प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर खड़ी ट्रेन के इंजन से पांचवें कोच में हुई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक शॉर्ट सर्किट की वजह से कोच में आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरी बोगी को अपनी चपेट में ले लिया.
गनीमत रही कि ट्रेन के निर्धारित समय सुबह 6:45 बजे रवाना होने से पहले ही यात्री कोच से उतर चुके थे. इस वजह से कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ. घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई.
सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और स्थानीय दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. सुरक्षा के लिहाज से जली हुई बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया गया. करीब दो घंटे की देरी के बाद ट्रेन को पटना के लिए रवाना किया गया.
प्रत्यक्षदर्शी अभिषेक रंजन ने बताया कि ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी, तभी अचानक एक बोगी से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई. उन्होंने आरोप लगाया कि अगर दमकल विभाग और रेलवे स्टाफ समय पर पहुंच जाते तो आग को जल्दी नियंत्रित किया जा सकता था. देरी की वजह से आग और भड़क गई.
वहीं, सासाराम आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया. उन्होंने कहा कि प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन में आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है.
रेलवे प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि आग सिर्फ एक बोगी तक सीमित रही और किसी यात्री या रेलवे कर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है. इस घटना के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत प्रणाली पर फिर सवाल उठने लगे हैं.


