भागलपुर। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड की नौ पंचायतों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। कई इलाकों में घरों में पानी घुसने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है, वहीं खेतों में पानी भर जाने से फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए स्थानीय विधायक प्रोफेसर ललित नारायण मंडल ने कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
दौरे के दौरान विधायक ने प्रभावित पंचायतों में पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत की और बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने घरों में पानी घुसने, आवागमन में परेशानी और फसल बर्बाद होने सहित कई समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
मौके पर विधायक ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भागलपुर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन के दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा एवं राहत उपलब्ध कराने को लेकर उनसे बातचीत की जाएगी।
विधायक ने पुलिस प्रशासन और प्रखंड के तमाम अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में पूरी तत्परता के साथ काम करना चाहिए, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को समय पर आवश्यक सहायता मिल सके।
इस दौरान सुल्तानगंज प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रतीक राज, अंचलाधिकारी रमण कुमार, थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मौके पर पूर्व मुखिया प्रतिनिधि संजय मंडल, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि नट बिहारी मंडल, पंचायत समिति सदस्य सुधीर कुमार सिंह, भाजपा नेता विकास कुमार कर्ण सहित दर्जनों ग्रामीण भी मौजूद थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री, आवागमन की सुविधा और फसल क्षति का उचित मुआवजा देने की मांग की।






