भागलपुर। घरेलू हिंसा से परेशान एक महिला अपने पिता के साथ शनिवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था के कार्यालय पहुंची और पति द्वारा कथित रूप से की गई मारपीट एवं प्रताड़ना की जानकारी संस्था के पदाधिकारियों को दी। महिला भागलपुर के सकुल्लाचक क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।
पीड़िता ने संस्था के पदाधिकारियों को अपनी आपबीती सुनाते हुए आरोप लगाया कि उसके पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर चोटें आई हैं। पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद वह न्याय और सहायता की उम्मीद लेकर कई जगहों पर गई, लेकिन उसे अपेक्षित सुनवाई नहीं मिल सकी। इसके बाद उसने राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था से मदद की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संस्था की भागलपुर महिला जिला अध्यक्ष वर्षा सिंह एवं मीडिया प्रभारी मनीष राम ने राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ईशान सिन्हा के निर्देशानुसार पीड़िता की समस्या को लेकर भागलपुर महिला थाना अध्यक्ष से मुलाकात की। इस दौरान पदाधिकारियों ने थाना अध्यक्ष के समक्ष पीड़िता की पूरी बात रखते हुए मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
महिला थाना अध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक पहल करने की बात कही। साथ ही पीड़िता को उचित कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया।
राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था की ओर से कहा गया कि परिवार में पति-पत्नी के बीच प्रेम, विश्वास और आपसी समझ बनी रहनी चाहिए। घरेलू विवाद को हिंसा का रूप नहीं लेना चाहिए। संस्था ने चिंता जताते हुए कहा कि घरेलू हिंसा की घटनाएं समाज के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही हैं।
संस्था का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में प्रशासनिक व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक संगठनों और समाज के जिम्मेदार लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर सकारात्मक पहल की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और समाज को हिंसा से मुक्त एवं बेहतर दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।






