सहरसा: जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए शनिवार का दिन उम्मीद लेकर आया। सहरसा के जिला स्कूल परिसर में एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में किया।
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 30 से अधिक कंपनियों ने हिस्सा लिया है। अलग-अलग कंपनियों की ओर से विभिन्न पदों के लिए 3 हजार से अधिक रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं। नौकरी की तलाश में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मेला स्थल पर पहुंचे। सुबह से ही जिला स्कूल परिसर में अभ्यर्थियों की लंबी कतार और भीड़ देखने को मिली।
जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि रोजगार मेले में युवाओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है, जो सकारात्मक संकेत है। उन्होंने बताया कि मेले के लिए 3 हजार से अधिक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि करीब 2 हजार अभ्यर्थियों ने काउंटर पर आवेदन किया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को अगर उनके घर के आसपास ही रोजगार का अवसर मिलता है तो इससे उन्हें दूसरे शहरों की ओर जाने की जरूरत कम होगी। इसका लाभ सिर्फ युवाओं को ही नहीं, बल्कि उनके परिवार और पूरे समाज को मिलेगा।
मेले में पहुंचे अभ्यर्थियों ने भी रोजगार के अवसर मिलने पर खुशी जाहिर की। युवाओं का कहना है कि नौकरी के लिए दूसरे शहरों में जाने से परिवार से दूरी बढ़ती है। ऐसे में अगर सहरसा या आसपास के जिलों में ही रोजगार मिल जाए तो वे परिवार के साथ रहकर अपना भविष्य बेहतर बना सकते हैं।
रोजगार मेले में निजी कंपनियों में नौकरी के अवसरों के अलावा युवाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, रोजगार और कौशल विकास से जुड़ी जानकारी भी दी जा रही है।
जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और युवाओं के पलायन को कम करना है। प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे ऐसे रोजगार मेलों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।





