जामताड़ा: पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से गिरकर 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शुक्रवार अहले सुबह करीब 5:30 बजे जामताड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पोल संख्या 251/27A के पास हुआ। मृतक की पहचान देवघर जिले के बूढ़े गांव निवासी मुन्ना कुमार शर्मा (18) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मुन्ना कुमार शर्मा अपने मामा सार्भु शर्मा को इलाज के लिए दो दिन पहले रांची लेकर गया था। इलाज के बाद शुक्रवार सुबह दोनों पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से रांची से जसीडीह लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रेन जब जामताड़ा रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी, तब मुन्ना बाथरूम से वापस लौट रहा था। गेट के पास पहुंचने के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।
हादसे के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों के शोर मचाने पर ट्रेन को आगे रोककर घटना की जानकारी रेल पुलिस को दी गई। बताया गया कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के मामा सार्भु शर्मा ने पुलिस को बताया कि बाथरूम से वापस लौटते समय ट्रेन की रफ्तार तेज थी। इसी दौरान पैर फिसलने से मुन्ना गेट के पास से नीचे गिर गया। घटना की सूचना मिलने के बाद रेल पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची।
सूचना पर जीआरपी मधुपुर के थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे, एसआई दिवाकर चौधरी और आरपीएफ की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, मुन्ना की मौत की खबर से बूढ़े गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा







