औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: बोधगया से काशी जा रही बस ट्रक से टकराई, 3 श्रद्धालुओं की मौत, 20 घायल


बिहार के औरंगाबाद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल हो गए। हादसा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भेड़िया और देव मोड़ के बीच स्थित भवानी होटल के पास हुआ। मृतकों की पहचान आंध्र प्रदेश के नेल्लूर जिले के निवासी 50 वर्षीय हजरतया, 43 वर्षीय फातमावती और 64 वर्षीय पशुलेट वेंकटेश के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश से लगभग 40 श्रद्धालु धार्मिक यात्रा पर निकले थे। सभी यात्री बोधगया में दर्शन करने के बाद वाराणसी (काशी) जा रहे थे। इसी दौरान रविवार रात करीब 12 बजे उनकी टूरिस्ट बस आगे चल रहे ट्रक-ट्रेलर से टकरा गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस चालक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था, तभी यह भीषण हादसा हो गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर जिला पार्षद अनिल यादव भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों में सहयोग किया। सभी घायलों को पहले औरंगाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल 7 से 8 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक-ट्रेलर को जब्त कर लिया है। मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Related Posts

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    नशा मुक्त कोसी अभियान में बड़ी सफलता, एक सप्ताह में 92 आरोपित गिरफ्तार

    सहरसा। कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोसी अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 19 से 25 सितंबर के…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *