भागलपुर में लोन दिलाने के नाम पर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला जोगसर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक महिला ने युवक पर तीन लाख रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए बीच सड़क पर जमकर हंगामा किया। घटना के दौरान सड़क पर करीब आधे घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार प्रियंका देवी नाम की महिला ने मुकेश नामक युवक पर आरोप लगाया कि उसने लोन दिलाने का झांसा देकर उससे तीन लाख रुपये लिए थे। महिला का कहना है कि लंबे समय बीत जाने के बाद भी न तो लोन दिलवाया गया और न ही रुपये वापस किए गए। कई बार पैसे मांगने के बावजूद जब रकम वापस नहीं मिली, तो महिला का गुस्सा फूट पड़ा।
बताया जा रहा है कि प्रियंका देवी ने अपने बेटों के साथ मुकेश को मोक्षदा स्कूल के पास बुलाया। वहां पहुंचते ही महिला और उसके बेटों ने युवक की पिटाई शुरू कर दी। महिला ने चप्पलों और हेलमेट से हमला किया, जबकि बेटों ने लात-घूंसों से मारपीट की। सड़क पर हो रहे इस हंगामे को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही, लेकिन किसी ने बीच-बचाव की कोशिश नहीं की।
मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक के साथ महिला तथा उसके बेटों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस ने घायल मुकेश के बयान पर प्रियंका देवी, उसके बेटों समेत चार लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
वहीं दूसरी ओर प्रियंका देवी ने भी मुकेश के खिलाफ लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच में जुट गई है। इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
लोन दिलाने के नाम पर तीन लाख की ठगी का आरोप, भागलपुर में महिला ने बेटों संग युवक की सड़क पर की पिटाई


