
रोहतास: बिहार के रोहतास जिले के चेनारी स्थित प्रसिद्ध गुप्ता धाम में मंगलवार को अचानक आई बाढ़ जैसी स्थिति से अफरा-तफरी मच गई। कैमूर पहाड़ी पर हुई मूसलाधार बारिश के बाद पहाड़ी नदी में अचानक तेज उफान आ गया। देखते ही देखते नदी का पानी गुप्ता धाम मंदिर परिसर में घुस गया और पूरा शिवालय परिसर जलमग्न हो गया।
पहाड़ी नदी का बहाव इतना तेज था कि मंदिर के सामने बना संपर्क पुल भी पूरी तरह पानी में डूब गया। सामान्य दिनों में जिस पुल से श्रद्धालु और स्थानीय लोग नदी के आर-पार आते-जाते हैं, उस पर मंगलवार को तेज धार के साथ पानी बहता नजर आया। पुल का अधिकांश हिस्सा पानी के नीचे चला गया, जबकि केवल रेलिंग के कुछ पिलर ही पानी के ऊपर दिखाई दे रहे थे।
अचानक बढ़े जलस्तर से मंदिर परिसर और आसपास मौजूद श्रद्धालुओं तथा दुकानदारों में दहशत फैल गई। पानी तेजी से बढ़ता देखकर लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। दुकानदारों ने भी सामान बचाने की कोशिश की, लेकिन कई दुकानों में पानी घुसने से चौकी, बेंच और अन्य सामान डूब गया। इससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। वास्तविक नुकसान का आकलन पानी उतरने के बाद ही हो सकेगा।
बताया जाता है कि कैमूर पहाड़ी क्षेत्र में तेज बारिश के दौरान पानी तेजी से ढलान से नीचे आता है, जिससे पहाड़ी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। गुप्ता धाम भी पहाड़ी क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां इस तरह के अचानक जलप्रवाह का खतरा बना रहता है।
फिलहाल तेज बहाव को देखते हुए पुल से आवागमन बाधित है। गुप्ता धाम से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में मंदिर परिसर पूरी तरह पानी से घिरा दिखाई दे रहा है। प्रशासन की ओर से लोगों को नदी और पुल के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।





