जमीन विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला का आरोप, कई पुलिसकर्मी घायल; वीडियो वायरल

 

 

Sponsored Advertisement

बेतिया/बगहा: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल अंतर्गत रामनगर थाना क्षेत्र के कठसीकरी गांव में पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का आरोप सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि बगहा एसपी राजेश कुमार ने पुलिस पर बड़े हमले की घटना से इनकार करते हुए दो पक्षों के आपसी विवाद में झड़प होने और पूरे मामले की जांच किए जाने की बात कही है।

 

जानकारी के अनुसार, कठसीकरी गांव निवासी पप्पू अंसारी ने कुछ लोगों पर जबरन घर में घुसने और जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को आवेदन दिया था। शिकायत मिलने के बाद 112 पुलिस टीम मामले की जांच और दोनों पक्षों के बीच विवाद को सुलझाने के लिए गांव पहुंची थी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और लौट गई।

 

इसके बाद दोबारा दोनों पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिलने पर रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रही थी, तभी अचानक ग्रामीणों की भीड़ द्वारा पुलिस टीम पर हमला करने का आरोप है।

 

घटना में एसआई इम्तेयाज खान समेत कई पुलिसकर्मियों के आंशिक रूप से घायल होने की सूचना है। वहीं पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने की बात भी सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही बगहा एसपी राजेश कुमार के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

 

पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस टीम पर कथित हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की बात कही जा रही है।

 

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ग्रामीणों और पुलिस के बीच हंगामा व झड़प जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले में कोई विस्तृत प्रेस रिलीज जारी नहीं की गई है। ऐसे में जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Related Posts

कैमूर पहाड़ी पर मूसलाधार बारिश से गुप्ता धाम में बाढ़, पानी में डूबा मंदिर परिसर और पुल

कैमूर पहाड़ी पर मूसलाधार बारिश से गुप्ता धाम में बाढ़, पानी में डूबा मंदिर परिसर और पुल

जीतन राम मांझी की तबीयत बिगड़ी, पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती; पार्टी ने कहा- चिंता की कोई बात नहीं

जीतन राम मांझी की तबीयत बिगड़ी, पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती; पार्टी ने कहा- चिंता की कोई बात नहीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *