रोहतास जिले के सासाराम स्थित पायलट बाबा आश्रम के पास लगे डिज्नीलैंड मेले में शुक्रवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। मेले में चल रहे एक झूले का गेट अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिससे वहां अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे में झूले पर सवार कई लोग घायल हो गए, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झूला सामान्य तरीके से चल रहा था, तभी अचानक तेज आवाज हुई और झूले का एक हिस्सा टूट गया। देखते ही देखते झूले पर बैठे लोग जमीन पर गिर पड़े। हादसे के बाद मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और राहत कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना और मुफस्सिल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सासाराम सदर अस्पताल भेजा गया। घायलों में 10 वर्षीय धीरज कुमार, 32 वर्षीय श्वेता सिंह और सीमा देवी समेत कई लोग शामिल हैं। सभी का इलाज सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
घायल सीमा देवी ने बताया, “हम लोग झूला देख रहे थे, तभी अचानक कुछ टूटकर गिरा। सिर में चोट लगी और मैं बेहोश हो गई।”
अस्पताल के डॉक्टर डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि सभी घायलों की हालत फिलहाल सामान्य है। उन्होंने कहा कि बच्चों और महिलाओं सहित सभी मरीजों का इलाज किया जा रहा है और घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए मेले की गतिविधियां रोक दी गईं। घटना को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस सतर्क हो गई है। शुरुआती जांच में झूले के रखरखाव में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


