जामताड़ा : नाला प्रखंड क्षेत्र की दलाबड़ ग्राम पंचायत के विभिन्न गांवों में शनिवार को सबकी योजना, सबका विकास (जीपीडीपी) अभियान 2026-27 के तहत विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंचायत के अंतर्गत आने वाले कुल 11 राजस्व गांवों में ग्रामीणों की भागीदारी के साथ ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
दलाबड़ गांव स्थित काली मंदिर प्रांगण में आयोजित विशेष ग्राम सभा की अध्यक्षता गांव के बुजुर्ग अजामिल मंडल ने की। इस दौरान ग्राम पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि गुपीन सोरेन, पंचायत सचिव सहदेव मुर्मू और रोजगार सेवक पिनाकी रंजन माजी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बताया गया कि यह विशेष ग्राम सभा नाला के प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जामताड़ा के निर्देश के आलोक में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2026-27 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करना और ग्रामीणों की प्राथमिक जरूरतों के आधार पर विकास योजनाओं का चयन करना था।
ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, नाली, पेयजल, आवास और रोजगार से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से रखा। ग्रामीणों ने अपने-अपने सुझाव भी दिए और गांव के समग्र विकास के लिए आवश्यक योजनाओं पर चर्चा की। इसके बाद उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न विकास योजनाओं के चयन पर सहमति जताई।
दलाबड़ गांव के अलावा पंचायत के जामबेदिया, कालीपाथर, पायराखोप, सूड़ियापानी, सियारकेटिया, अमलाजोड़ा, धवाटांड़, गाड़ाजूड़िया, आसनजुड़ी और डांड़र गांव में भी जीपीडीपी अभियान को लेकर विशेष बैठकों का आयोजन किया गया।
दलाबड़ गांव में आयोजित बैठक में गुरुपद मंडल, गंध मंडल, कैलाश मंडल, चिरंजीत माजी, तापस मंडल, नदिया नंद घोष, चंद्र मोहन घोष, निमाई घोष, लालटू घोष, धरम माजी, राजीव घोष, अमित मंडल, मनोज माजी, शांतिमय मंडल, गौतम घोष, प्रकाश मंडल, चांद घोष, महेश घोष, भास्कर घोष, मनोहर घोष, श्यामल मंडल, विश्वनाथ मंडल, विकास मंडल, गोपीनाथ घोष और चंचल माजी सहित पंचायत के वार्ड सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला और पुरुष मौजूद थे।
ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह की ग्राम सभाओं से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाओं का चयन करने में मदद मिलेगी और गांवों के समग्र विकास को गति मिलेगी।





