सहरसा कहरा प्रखंड क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय मोहनपुर में बायोस्टड इंडिया लिमिटेड की ओर से “पढ़ाई में सहारा, कर्तव्य हमारा” अभियान के तहत बायोजाईम प्रगति छात्रवृत्ति सह किसान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने वाले चयनित 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के रूप में तीन-तीन हजार रुपये की राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों को भी सम्मानित किया गया। किसानों और विद्यार्थियों को कृषि के क्षेत्र में उत्पादन एवं फसल की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए जैविक खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि जैविक कृषि से जुड़े तत्व मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के साथ पौधों की जड़ों और उत्पादक शाखाओं के विकास में सहायक होते हैं। इसके अलावा पोषक तत्वों के बेहतर अवशोषण, पौधों की तनाव सहने की क्षमता तथा फसल की वृद्धि और गुणवत्ता में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
समारोह में किसानों को जैविक खेती के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसानों को वैज्ञानिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी की गुणवत्ता को भी बनाए रखने पर ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य गिरिन्द्र मिश्रा, क्षेत्रीय प्रबंधक प्रमोद कुमार, टीएसएम बैद्यनाथ कुमार, एमडीओ दीपक कुमार सिंह, स्थानीय वितरक प्रो. चुनचुन सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी, किसान एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिलने से उनमें उत्साह देखा गया।








