बोकारो से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बोकारो हवाईअड्डा से जल्द उड़ान सेवा शुरू करने की मांग को लेकर आज “हवाई अड्डा बचाओ संघर्ष समिति” के बैनर तले एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। यह धरना हवाई अड्डे के समीप आयोजित किया गया, जिसमें बोकारो के आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
धरना कार्यक्रम की अगुवाई कांग्रेस प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने की। इस दौरान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज चास-बोकारो के पदाधिकारी, स्थानीय व्यवसायी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने एक स्वर में बोकारो से हवाई सेवा जल्द शुरू करने की मांग उठाई।
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल या सरकार की आलोचना के लिए नहीं है, बल्कि क्षेत्र के विकास की जरूरत को लेकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बोकारो से उड़ान सेवा शुरू होने में जो भी तकनीकी या प्रशासनिक बाधाएं हैं, उन्हें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के संयुक्त प्रयास से जल्द दूर किया जाना चाहिए।
वक्ताओं का कहना था कि यदि बोकारो से हवाई सेवा शुरू होती है, तो इससे न केवल जिले के विकास को गति मिलेगी, बल्कि देश के अन्य राज्यों से सीधा संपर्क भी स्थापित होगा। इससे व्यापार, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा, जिसका दूरगामी लाभ पूरे क्षेत्र को मिलेगा।
धरना में शामिल लोगों ने यह भी कहा कि आज कार्यक्रम में कुछ जनप्रतिनिधि उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन इसे वे नकारात्मक रूप से नहीं देख रहे हैं। उनका मानना है कि सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने स्तर पर इस मुद्दे को लेकर प्रयासरत हैं और जल्द ही सामूहिक रूप से समाधान निकाला जाएगा।
इस दौरान मंजूर अंसारी और चैंबर के संरक्षक संजय वैद ने भी अपनी बात रखते हुए हवाई सेवा शुरू करने की मांग को दोहराया और प्रशासन से शीघ्र पहल करने की अपील की।
