बिहार के Saran जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहे एक सेना अधिकारी के परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। डोरीगंज थाना क्षेत्र स्थित वीर कुंवर सिंह सेतु पर एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में सेना अधिकारी की पत्नी की मौत हो गई, जबकि अधिकारी और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

मृतका की पहचान 44 वर्षीय निर्मला सिंह चौहान के रूप में हुई है। वहीं घायल सेना अधिकारी गजेंद्र सिंह चौहान पश्चिम बंगाल के बीनागुड़ी में जेसीओ यानी जूनियर कमीशंड ऑफिसर के पद पर तैनात हैं।

 

पुलिस के अनुसार, गजेंद्र सिंह चौहान मूल रूप से मध्य प्रदेश के सिंधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र के प्रथरौला गांव के निवासी हैं। पश्चिम बंगाल में प्रथम चरण के विधानसभा चुनाव के बाद वे अपनी पत्नी निर्मला सिंह चौहान, बेटी गुनगुन और बेटे कार्तिक के साथ अपने गांव में होने वाले शादी समारोह में शामिल होने के लिए कार से घर जा रहे थे।

 

इसी दौरान जब उनकी कार वीर कुंवर सिंह सेतु पर पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही निर्मला सिंह चौहान की मौत हो गई, जबकि सेना अधिकारी और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया, जबकि घायल सेना अधिकारी और दोनों बच्चों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया।

 

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर थाने ले आई है। ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

 

एक शादी में शामिल होने निकला परिवार, कुछ ही पलों में हादसे का शिकार हो गया। इस घटना ने पूरे परिवार और इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *