हजारीबाग / बड़कागांव से बड़ी खबर है, जहां एनटीपीसी पकरी बरवाडीह कोल माइंस में ट्रांसपोर्टिंग कार्य में लगे एक हाइवा वाहन को नकाबपोश अपराधियों ने दिनदहाड़े आग के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और ट्रांसपोर्टिंग कार्य भी कुछ समय के लिए बाधित हो गया।
घटना बड़कागांव-हजारीबाग पथ के 13 माइल स्थित चक्करवार घाटी पुल के पास की है, जहां दो मोटरसाइकिल पर सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने हाइवा संख्या जेएच02बीके-0263 को रोक लिया। इसके बाद अपराधी केबिन में चढ़ गए और पेट्रोल छिड़ककर माचिस से वाहन में आग लगा दी।
इस दौरान चालक मोहम्मद तैयब किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहा, हालांकि वह आंशिक रूप से झुलस गया। तत्काल एंबुलेंस के जरिए उसे लंगातू स्थित त्रिवेणी सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने चालक को एक धमकी भरा पर्चा भी थमाया। लाल स्याही से लिखे इस पर्चे में साफ तौर पर चेतावनी दी गई है कि “जल्द से जल्द बॉस से मैनेज कर लो, नहीं तो काम बंद कर दो, वरना अगली बार गोली नहीं बल्कि बम से हमला किया जाएगा। यह सिर्फ ट्रेलर है।” पर्चे में प्रकाश सोनकर, मयंक सिंह और राहुल दुबे गैंग का नाम भी लिखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशामन दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार, थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह सहित पुलिस और सीआईएसएफ के जवान घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
घटना के बाद कोयला ट्रांसपोर्टिंग में लगे हाइवा वाहन जहां-तहां खड़े हो गए, जिससे काम पूरी तरह प्रभावित हुआ। हालांकि पुलिस जांच के बाद शाम करीब 5:30 बजे ट्रांसपोर्टिंग कार्य दोबारा शुरू कराया गया।
बताया जा रहा है कि उक्त हाइवा कटकमदाग प्रखंड के पसई गांव निवासी मोहम्मद मनोवर अंसारी का है। घटना की जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस द्वारा पूरे मामले में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है।
संवाददाता – सुनील कुमार ठाकुर
