झारखंड के जामताड़ा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर सियासत तेज हो गई है। बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह के नेतृत्व में जामताड़ा महाविद्यालय के समीप राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में नारेबाजी की और विपक्षी दलों के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने दशकों के इंतजार के बाद महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी देने के उद्देश्य से यह ऐतिहासिक बिल लाया, लेकिन विपक्षी दलों ने इसका विरोध कर इसे पारित नहीं होने दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेताओं ने इस बिल के खिलाफ वोट कर महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी की है।
उन्होंने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन उसी मानसिकता के खिलाफ है, जो महिलाओं को बराबरी का हक देने में बाधा बनती है। कुणाल सिंह ने चेतावनी दी कि यदि इस बिल को लागू नहीं किया गया, तो भारतीय जनता युवा मोर्चा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगा।
वहीं नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने कहा कि हाल ही में संसद में जब यह बिल पेश किया गया, तब कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने इसके खिलाफ मतदान किया। इससे यह स्पष्ट होता है कि विपक्षी दल महिलाओं के सशक्तिकरण के पक्ष में नहीं हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल केवल अपने परिवार की महिलाओं को आगे बढ़ाना चाहते हैं, जबकि गांव और शहर की आम महिलाओं को राजनीतिक मंच पर आने से रोकना चाहते हैं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए महिला अधिकारों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।
