महिला आरक्षण बिल को लेकर देशभर में सियासत तेज हो गई है। इसी कड़ी में झारखंड के बोकारो स्थित सर्किट हाउस में बीजेपी की ओर से एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की नीयत महिला आरक्षण को लेकर साफ नहीं है। उन्होंने कहा कि ये दल केवल अपने परिवार की महिलाओं को आगे बढ़ाने की राजनीति करते हैं और आम महिलाओं के हितों की अनदेखी करते हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी चाहती है कि महिला आरक्षण का लाभ केवल उनके परिवार की महिलाओं, जैसे प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी, को मिले। वहीं समाजवादी पार्टी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वह महिलाओं के अधिकार की बात तो करती है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं करती कि आरक्षण का वास्तविक लाभ किन महिलाओं तक पहुंचेगा।
दीपक प्रकाश ने झारखंड मुक्ति मोर्चा पर भी आरोप लगाया कि वह भी महिला आरक्षण के पक्ष में दिखती है, लेकिन उसका उद्देश्य अपने परिवार की महिलाओं को राजनीतिक लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा कि इन दलों की राजनीति में आम और सामान्य वर्ग की महिलाएं पीछे छूट जाती हैं।
इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों पर महिला आरक्षण विधेयक को कमजोर करने और गिराने का आरोप लगाया। अपने बयान में उन्होंने पौराणिक उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे रावण द्वारा किए गए अन्याय का परिणाम उसे भुगतना पड़ा, वैसे ही इस विधेयक के साथ किए गए छल का परिणाम भी विपक्ष को भुगतना होगा।
उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में महिलाओं का आक्रोश विपक्ष के खिलाफ देखने को मिलेगा और इसका सीधा राजनीतिक असर पड़ेगा।
