सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र से जमीन कब्जाने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। मोबारकपुर पंचायत निवासी अशोक राम ने कोशी प्रक्षेत्र के डीआईजी को आवेदन देकर गांव के कुछ दबंगों और भू-माफिया प्रवृत्ति के लोगों पर उनकी खतियानी जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित अशोक राम का कहना है कि उनकी जमीन मौजा गोरियामा, थाना सलखुआ क्षेत्र में स्थित है। आरोप है कि गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों ने जबरदस्ती जमीन पर कब्जा कर लिया है और विरोध करने पर उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं। आवेदन में उन्होंने कहा है कि आरोपित लोग उन्हें और उनके परिवार को अपहरण, अंग-भंग और हत्या जैसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मामले की शिकायत उन्होंने स्थानीय थाना और अंचल कार्यालय में कई बार की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अशोक राम का कहना है कि आरोपितों की पहुंच बड़े अधिकारियों और नेताओं तक है, जिस कारण प्रशासन भी कार्रवाई करने से बच रहा है।
उन्होंने डीआईजी से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उनकी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों की वजह से वे भय के माहौल में जी रहे हैं। परिवार को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। वहीं इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।
अब देखना होगा कि डीआईजी स्तर पर दिए गए आवेदन के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।
सहरसा में जमीन कब्जाने का आरोप, पीड़ित ने डीआईजी से लगाई न्याय की गुहार


