बिहार के सहरसा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहा 25 हजार रुपए का इनामी कुख्यात अपराधी बादल साह उर्फ बॉस को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर कई संगीन मामले दर्ज थे और वह पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।

सहरसा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सलबुखा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुख्यात अपराधी बादल साह पटना के शास्त्री नगर इलाके में छिपा हुआ है।

 

सूचना के आधार पर सलबुखा थाना पुलिस, एसटीएफ और डीआईयू टीम ने संयुक्त रूप से योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शास्त्री नगर थाना क्षेत्र से बादल साह उर्फ बॉस को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे विधिवत सहरसा लाया गया।

 

गिरफ्तार अपराधी बादल साह, बेगूसराय जिले के लोहिया नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ सहरसा और बेगूसराय में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह सलबुखा थाना कांड संख्या 199/2025 में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। इस मामले में उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, बादल साह पर मारपीट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। साल 2019, 2021 और 2025 में उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में केस दर्ज किए गए थे, जिससे उसकी आपराधिक गतिविधियों का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान तेज कर दिया गया है।

 

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सहरसा पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *