भागलपुर में सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में लगातार सक्रिय मां आनंदी संस्था ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। संस्था, जो पिछले कई वर्षों से स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, स्वरोजगार और कन्या विवाह जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कार्य कर रही है, ने आज दो जरूरतमंद कन्याओं के विवाह में सहयोग कर उन्हें नई जिंदगी की शुरुआत करने में मदद की।

 

संस्था द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों कन्याओं को विवाह हेतु साड़ी, कपड़े, सर्फ, साबुन, तेल, बर्तन, श्रृंगार सामग्री के साथ-साथ खाद्य सामग्री भेंट की गई। इस अवसर पर उपस्थित मां आनंदी संस्था की सदस्यों ने दोनों कन्याओं को उज्जवल भविष्य और सफल वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिए।

 

संस्था की संस्थापिका प्रिया सोनी ने कहा कि एक साथ दो कन्याओं के विवाह में सहयोग करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने समाज के अन्य लोगों से भी अपील की कि वे इस तरह के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, ताकि समाज में व्याप्त कुप्रथाओं और लड़कियों के साथ होने वाले अत्याचारों पर रोक लगाई जा सके।

 

कार्यक्रम के दौरान कन्याओं के परिजनों ने संस्था के इस नेक कार्य के लिए आभार व्यक्त किया और धन्यवाद दिया। इस अवसर पर मां आनंदी संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इसके अलावा बांका और भागलपुर के नवगछिया क्षेत्र से भी कई लोग इस पुण्य कार्य में शामिल हुए और अपनी सहभागिता निभाई।

 

गौरतलब है कि वर्ष 2026 में अब तक संस्था द्वारा 6 कन्याओं का विवाह संपन्न कराया जा चुका है, जबकि अब तक सैकड़ों कन्याओं को उनके नए जीवन की शुरुआत में सहयोग प्रदान किया गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *