भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद क्षेत्र से एक बार फिर सनसनीखेज आगजनी की घटना सामने आई है। वार्ड संख्या 19 के सीतारामपुर गांव में देर रात अज्ञात लोगों ने पेट्रोल छिड़क कर घर में आग लगा दी। घटना के दौरान गोलीबारी की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना सीतारामपुर गांव की है, जहां पीड़ित अभिषेक चौधरी और उनकी माता निरु देवी ने बताया कि देर रात करीब साढ़े बारह बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही पूरा परिवार दहशत में आ गया। जब बाहर निकलकर देखा तो घर के पास आग की लपटें उठ रही थीं।
परिजनों का आरोप है कि पड़ोस के ही पंकज साह, गोलू कुमार उर्फ सूर्य कुमार और छोटू मंडल ने मिलकर पेट्रोल छिड़क कर घर में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। उस समय अभिषेक चौधरी कमरे के अंदर मौजूद थे, जिन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था। इस घटना के बाद पूरे परिवार में दहशत का माहौल है और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी उन्होंने स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार और एसआई प्रियंका कुमारी द्वारा समय रहते उचित जांच कर कार्रवाई की जाती, तो शायद आज यह घटना नहीं होती।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।
