भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब मद्य निषेध विभाग लिखी एक चार पहिया गाड़ी के चालक ने बीच सड़क पर जमकर हंगामा कर दिया। घटना मदनीनगर चौक स्थित एक मैरेज हॉल के पास की बताई जा रही है, जहां चालक की हरकतों से स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने ट्रैफिक सिग्नल के पास गाड़ी रोक दी और नशे की हालत में शादी समारोह में आई महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने लगा। यह देखकर आसपास मौजूद युवकों ने उसे टोका, जिसके बाद मामला बढ़ गया। चालक ने खुद को एक्साइज विभाग का अधिकारी बताते हुए लोगों को धमकाना शुरू कर दिया और कहा कि “दो मिनट में सबको फंसा देंगे।”
स्थिति तब और बिगड़ गई जब स्थानीय लोगों ने चालक की गाड़ी को मदनीनगर गोलंबर के पास रोक लिया। लोगों ने उसे बाहर निकलने को कहा, लेकिन वह गाड़ी के अंदर ही जोर-जबरदस्ती करता रहा। जैसे ही दरवाजा खुला, उसके मुंह से शराब की तेज गंध आने लगी। इसके बाद लोगों ने गाड़ी की तलाशी ली, जिसमें गियर के पास एक अंग्रेजी शराब की बोतल बरामद हुई।
घटना के दौरान लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जबकि नाथनगर थाना घटनास्थल से महज 500 मीटर की दूरी पर है। इससे लोगों में और ज्यादा नाराजगी देखी गईमामले पर मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों ने सफाई देते हुए कहा कि संबंधित चालक को पहले ही हटाया जा चुका है। वहीं, वाहन मालिक ने विभागीय अधिकारियों पर लेन-देन का भी आरोप लगाया है।
फिलहाल इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और घटना ने शराबबंदी कानून के क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
