झारखंड के बोकारो से एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे की खबर सामने आई है। बोकारो स्टील प्लांट में कार्य के दौरान क्रेन से गिरने के कारण एक संविदा मजदूर की मौत हो गई। इस घटना के बाद मजदूरों में आक्रोश है और यूनियन ने प्रबंधन से मुआवजे व आश्रित को नौकरी देने की मांग तेज कर दी है।
बोकारो स्टील प्लांट में कार्य के दौरान 37 वर्षीय मजदूर दिनेश महतो की क्रेन से गिरकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दिनेश महतो प्लांट के आईएमएफ (IMF) विभाग में कार्यरत थे और क्रेन संख्या 3 पर चढ़ने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़े। गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद सहकर्मियों ने उन्हें उठाकर प्लांट के मेडिकल सुविधा केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक दिनेश महतो मेसर्स नीरज इंटरप्राइजेज के संविदा कर्मी थे और लंबे समय से प्लांट में कार्यरत थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही मजदूर यूनियन के सदस्य और अन्य कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान यूनियन नेताओं ने प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि प्लांट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।
यूनियन ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने और घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। वहीं, प्रबंधन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और प्लांट प्रबंधन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
संवाददाता: चंदन सिंह, बोकारो
