बिहार के गया जिले में बालू माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के दौरान जमकर बवाल देखने को मिला। मामला सिंधुगढ़ थाना क्षेत्र के करमा गांव के पास का है, जहां पुलिस टीम अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस ने एक बालू लदा ट्रैक्टर जब्त कर लिया, जिसके बाद स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई।

ट्रैक्टर पकड़े जाने से नाराज माफिया और उनके समर्थकों ने पहले पुलिस से बहस शुरू की। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। भीड़ बढ़ने के साथ माहौल और ज्यादा बिगड़ गया। इसी दौरान माफियाओं और उनके समर्थकों ने पुलिस टीम को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया।

पथराव के दौरान पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचा और उसका शीशा टूट गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने संयम बरतते हुए हल्का बल प्रयोग किया और भीड़ को मौके से खदेड़ दिया।

बताया जा रहा है कि हंगामे के दौरान माफियाओं ने ट्रैक्टर को छुड़ाने की भी कोशिश की। इतना ही नहीं, ट्रैक्टर से बालू गिराकर ड्राइवर को पुलिस की गिरफ्त से निकालने की भी कोशिश की गई। लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

इस मामले में सिंधुगढ़ थानाध्यक्ष निलेश कुमार ने बताया कि पुलिस अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी, तभी माफियाओं ने हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि हमले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और भगदड़ का माहौल रहा, लेकिन फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *