बिहार के सहरसा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। कुछ दिन पहले फारबिसगंज में सत्तू बेचने वाले द्वारा की गई हैवानियत की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि अब सहरसा में एक और मासूम की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को दहशत और शोक में डाल दिया है।
घटना सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सिटानाबाद गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, 8 वर्षीय बच्चा अपने घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान पहले से चली आ रही आपसी रंजिश के कारण पड़ोसी ने उस पर अचानक तेज धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में बच्चे की गर्दन पर गंभीर चोट आई, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी के साथ उनका लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी रंजिश के चलते उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
फारबिसगंज के बाद सहरसा की यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर रही है कि आखिर कब तक छोटी-छोटी रंजिशें मासूमों की जान लेती रहेंगी। समाज में बढ़ती हिंसा और आपसी दुश्मनी अब खतरनाक रूप लेती जा रही है, जहां सबसे ज्यादा नुकसान निर्दोष बच्चों को उठाना पड़ रहा है।
