सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक 8 वर्षीय मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना सिटानाबाद गांव की है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
मृतक की पहचान सिटानाबाद दक्षिणी पंचायत अंतर्गत पठान टोला वार्ड नंबर 7 निवासी मो. जियाउद्दीन के पुत्र मो. ओबेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार की देर शाम ओबेश अपने घर के पास स्थित एक बगीचे में खेल रहा था। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने पुरानी दुश्मनी को लेकर उस पर तेज धारदार हथियार ‘कछिया’ से हमला कर दिया।
हमले में बच्चे के गर्दन पर गंभीर चोट आई, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में घायल बच्चे को सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
बताया जाता है कि मृतक ओबेश अपने माता-पिता की पांच संतानों में सबसे छोटा था। उसके पिता मो. जियाउद्दीन प्रदेश में कपड़े सिलाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट चुका है।
मृतक की मां सकीना खातून ने पड़ोसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उनके मासूम बेटे की जान ले ली गई। उन्होंने प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।
वहीं, सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
