बोकारो के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र से लापता 18 वर्षीय पुष्पा महतो के मामले ने अब सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। करीब नौ महीने बाद जंगल से उसका कंकाल बरामद होने के बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ है, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि पुष्पा की हत्या उसके ही प्रेमी दिनेश महतो ने की थी। बताया जा रहा है कि युवती लगातार आरोपी पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर उसने पहले से साजिश रची। आरोपी ने युवती को चास कॉलेज के पास से बहला-फुसलाकर जंगल में ले गया और वहां चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया और लंबे समय तक पुलिस को गुमराह करता रहा।

 

इस केस में एक और चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब आरोपी के पास से चार मोबाइल फोन और 23 सिम कार्ड बरामद किए गए। इससे यह संकेत मिलते हैं कि आरोपी का नेटवर्क बड़ा हो सकता है और वह कई अन्य लड़कियों के संपर्क में भी था। पुलिस अब इन सभी नंबरों की गहन जांच कर रही है।

 

वहीं, इस मामले में पुलिस की लापरवाही भी उजागर हुई है। शुरुआती जांच में ढिलाई बरतने के आरोप में थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

 

परिजनों की शिकायत के बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा, जहां पुलिस की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई गई। कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद डीआईजी स्तर की जांच शुरू हुई, जिसके बाद इस हत्याकांड का खुलासा हो सका।

 

फिलहाल, इस मामले की अगली सुनवाई 15 अप्रैल को निर्धारित है। यह पूरा मामला न केवल एक प्रेम प्रसंग की दर्दनाक परिणति को दर्शाता है, बल्कि पुलिस व्यवस्था और जांच प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *