बेगूसराय से बड़ी खबर है, जहां छापेमारी के दौरान हुए बम ब्लास्ट में दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। यह घटना नावकोठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव की है, जहां दरभंगा लूट कांड के आरोपियों की तलाश में पुलिस पहुंची थी।
जानकारी के अनुसार, दरभंगा और बेगूसराय पुलिस की संयुक्त टीम नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वृंदावन गांव में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान बदमाशों के ठिकाने पर पहले से छिपाकर रखा गया विस्फोटक अचानक फट गया। बताया जा रहा है कि यह बम मिट्टी के नीचे, फूलों के बगीचे में बाउंड्री के अंदर दबाकर रखा गया था, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस विस्फोट में दरोगा बीके ओझा, गुड़िया कुमारी और एसटीएफ के जवान नगीना, ज्ञानी और धर्मेंद्र घायल हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी को हल्की चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल नावकोठी पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही दरभंगा लूट कांड से जुड़े लूटे गए जेवरात भी बरामद किए गए हैं।
एसपी मनीष ने बताया कि दरभंगा लूट कांड और एक्सिस बैंक लूट मामले के आरोपी इस इलाके में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसी के आधार पर संयुक्त टीम ने छापेमारी की। सर्च ऑपरेशन के दौरान पहले से रखा गया विस्फोटक ब्लास्ट कर गया, जिसमें पुलिसकर्मी हल्के रूप से घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी मनीष खुद मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान की मॉनिटरिंग की। सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और सघन तलाशी अभियान जारी है।
मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो विस्फोटक के प्रकार और घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल, इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
