बेगूसराय के बखरी थाना क्षेत्र के परिहारा गांव में वर्चस्व और अपमान की लड़ाई ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी किशन महतो को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक बिरजू सहनी और आरोपी किशन महतो के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों गुटों के बीच तनाव उस वक्त और बढ़ गया जब एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष पर पैर पकड़कर माफी मांगने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद और झड़प हो रही थी।
घटना से पहले किशन गुट के लड़कों ने बिरजू गुट के एक युवक की पिटाई कर दी थी। इसके बाद बिरजू लगातार किशन पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का दबाव बना रहा था। इस अपमान से आक्रोशित होकर किशन महतो ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
5 अप्रैल की शाम दोनों गुटों के बीच फिर से विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान जब किशन को लगा कि वह घिर चुका है, तो उसने पिस्टल निकालकर बिरजू सहनी की गर्दन के पास गोली मार दी। इसके बाद आरोपियों ने चाकू से भी वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह मुंगेर जिले में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने मुंगेर के धरहरा थाना क्षेत्र के कमलदह गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसकी निशानदेही पर सुहागी पुल के पास से हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद किया गया है। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
