दरभंगा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज लूट कांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने 12 अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए लूटे गए लाखों के आभूषण और अन्य सामान बरामद किए हैं।
घटना 3 अप्रैल 2026 की है, जब अज्ञात अपराधियों ने प्रेम ज्वेलर्स के मालिक मनोज ठाकुर की दुकान में हथियार के बल पर धावा बोल दिया था। अपराधियों ने करीब 700 ग्राम सोना, 20 से 25 किलो चांदी के जेवर और 10 लाख रुपये नगद लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम यानी एसआईटी का गठन किया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। दरभंगा पुलिस ने बिहार एसटीएफ और बेगूसराय पुलिस के साथ मिलकर लगातार छापेमारी अभियान चलाया।
इसी क्रम में बेगूसराय जिले के मंसूरचक थाना क्षेत्र के दशस्वपुर गांव में छापेमारी कर छह अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान दो अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की। इस दौरान मंगल कुमार नामक अपराधी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस लूट की साजिश पहले से रची गई थी, जिसमें जेल में बंद अपराधी भोला सिंह की भूमिका भी सामने आई है। वहीं, दुकान के एक कारीगर ने अंदर की जानकारी देकर अपराधियों की मदद की थी।
पुलिस ने निशानदेही पर सिमरी थाना क्षेत्र से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद किए। साथ ही गुवाहाटी और आगरा से भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। लूटे गए आभूषण छिपाने के आरोप में उषा देवी नामक महिला को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
अब तक करीब 44 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
