पलामू जिले में केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण को लेकर प्रशासन ने बड़ी पहल की है। मेदिनीनगर में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी समीरा एस ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो जिले के गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेगा।

 

शनिवार को समाहरणालय परिसर से रवाना किया गया यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और गांवों में भ्रमण करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के तहत संचालित पेंशन योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण को लेकर लोगों को जानकारी देना है।

 

इस अभियान के तहत इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी विधवा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी दिव्यांग पेंशन योजना और राष्ट्रीय परिवार हित लाभ योजना से जुड़े लाभुकों को जागरूक किया जाएगा। रथ के माध्यम से बताया जाएगा कि सामाजिक अंकेक्षण के दौरान पंचायत और ग्राम स्तर पर लाभुकों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा और उनके दस्तावेजों की जांच की जाएगी।

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी लाभुकों को निर्धारित तिथि पर अपने जरूरी दस्तावेज—जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी, बैंक पासबुक और दिव्यांग प्रमाण पत्र (जहां लागू हो)—के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा, ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।

 

जिला प्रशासन का उद्देश्य इस सामाजिक अंकेक्षण के माध्यम से योजनाओं में पारदर्शिता लाना और यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही और पात्र लोगों तक पहुंचे। इससे फर्जी लाभुकों की पहचान कर उन्हें हटाने में भी मदद मिलेगी।

 

उपायुक्त समीरा एस ने जिले के सभी नागरिकों और लाभुकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और जागरूकता रथ से मिलने वाली जानकारी का अधिकतम लाभ उठाएं।

इस मौके पर उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की यह पहल सामाजिक योजनाओं को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *