झारखंड के बोकारो से बड़ी चोरी की खबर सामने आई है, जहां चोरों ने बंद पड़े एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना हरला थाना क्षेत्र के न्यू 8डी स्थित आवास संख्या 3176 की है, जहां सुनसान का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

 

मिली जानकारी के अनुसार, घर के मालिक विनोद पांडेय अपने परिवार के साथ जमशेदपुर स्थित अपनी बेटी के घर गए हुए थे। इसी दौरान घर पूरी तरह से बंद था, जिसका फायदा उठाते हुए चोरों ने पहले घर की चहारदीवारी फांदकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने मुख्य दरवाजे के साथ-साथ एक अन्य दरवाजे की कुंडी तोड़ दी और घर के भीतर घुस गए।

 

घर में घुसते ही चोरों ने व्यवस्थित तरीके से अलमारी और अन्य सामानों की तलाशी ली। इस दौरान उन्होंने पूरे घर को अस्त-व्यस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि चोर करीब 17 से 18 लाख रुपये के जेवरात, कीमती कपड़े, एक एलईडी टीवी और लगभग 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

 

घटना की जानकारी तब सामने आई जब विनोद पांडेय के बड़े दामाद ने घर पहुंचकर टूटा ताला और बिखरा सामान देखा। उन्होंने तुरंत फोन पर इसकी सूचना परिवार और पुलिस को दी।

 

सूचना मिलते ही हरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

 

फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *