धनबाद के कोयलांचल क्षेत्र में सक्रिय कुख्यात और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को बैंक मोड़ थाना में दर्ज विभिन्न आपराधिक मामलों के तहत धनबाद पुलिस ने वासेपुर स्थित कमरमखदूमी रोड पर प्रिंस खान और उसके करीबी सहयोगी गोपी खान के घर पर न्यायालय के आदेशानुसार इश्तेहार चस्पा किया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई कुर्की-जब्ती प्रक्रिया के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य फरार आरोपियों पर दबाव बनाना और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करना है। बैंक मोड़ थाना के एसआई सुनील कुमार रवि ने बताया कि प्रिंस खान और गोपी खान के खिलाफ जिले के कई थानों में गंभीर मामले दर्ज हैं और दोनों लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि बैंक मोड़ थाना कांड संख्या 175/2023 और 277/2023 समेत कई मामलों में दोनों आरोपियों पर रंगदारी, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज हैं। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।
इधर, शुक्रवार को धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। इस बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति और लंबित मामलों के निष्पादन की गहन समीक्षा की गई। बैठक के बाद एसएसपी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अपराधी द्वारा फोन कॉल या मैसेज के जरिए दी जाने वाली धमकियों से घबराने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि ऐसे मामलों की तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जिले में कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रिंस खान से जुड़े मामलों को लेकर उच्चस्तरीय बैठकों का दौर जारी है और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
