बिहार के पूर्णिया जिले के कसबा थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक वायरल वीडियो ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। करीब 24 सेकेंड के इस वीडियो में एक वार्ड सदस्य प्रेमी जोड़े को खंभे से बांधकर बेरहमी से पिटाई करता हुआ दिखाई दे रहा है। हैरानी की बात यह है कि मौके पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी दोनों को बचाने की कोशिश नहीं की।

जानकारी के अनुसार, महिला शादीशुदा है और उसका दूसरे गांव के एक युवक के साथ कई महीनों से प्रेम संबंध चल रहा था। इस मामले को लेकर पहले भी पंचायत बैठ चुकी थी, जिसमें महिला को प्रेमी से दूर रहने का आदेश दिया गया था। लेकिन इसके बावजूद दोनों मिलते रहे, जिससे गांव के मुखिया और वार्ड सदस्य नाराज थे।

महिला के पति का आरोप है कि पहले ही चेतावनी दी गई थी कि यदि दोनों को दोबारा साथ देखा गया तो सख्त कार्रवाई होगी। बीती रात जब प्रेमी महिला से मिलने पहुंचा, तो गांव के लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और खंभे से बांध दिया। इसके बाद वार्ड सदस्य को बुलाया गया, जिसने आकर दोनों की बांस की छड़ी से जमकर पिटाई की। बताया जा रहा है कि महिला दो महीने की गर्भवती भी है।

पीड़ितों की पिटाई के दौरान वे रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन किसी ने उनकी एक नहीं सुनी। घंटों तक दोनों को बंधक बनाकर रखा गया। इस घटना के बाद जनप्रतिनिधियों द्वारा कानून को हाथ में लेने पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और इलाके में आक्रोश का माहौल है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि उन्हें इस घटना की जानकारी मीडिया के जरिए मिली। पुलिस ने दोनों को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है और लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *