बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत चास इलाके में शुक्रवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार में चल रही एक सरकारी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई और पलट गई। जानकारी के अनुसार यह वाहन चास बीडीओ की बताई जा रही है, जिससे घटना ने प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मचा दी है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गाड़ी तेज गति में हूटर बजाते हुए लेक रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पलट गया और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।

 

हालांकि इस दुर्घटना में सबसे राहत की बात यह रही कि गाड़ी में लगे एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे चालक की जान बच गई। चालक को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन वह पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

 

पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर थाना ले गई है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जो अपने आप में कई सवाल खड़े करती है।

 

घटना के बाद सड़क पर गिरे पोल को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से हटाया गया, जिससे यातायात को फिर से सुचारु किया जा सका। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के वक्त चालक नशे में था या नहीं, और वाहन किसके निर्देश पर चलाया जा रहा था।

 

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *