समस्तीपुर जिले में पुलिस की तत्परता एक बार फिर देखने को मिली है, जहां मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया गया। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से नगद राशि भी बरामद की है।

समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में 9 अप्रैल को बकरी व्यवसायी के साथ हुई लूट की घटना का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार मेधावी ने जानकारी देते हुए बताया कि बलुआही भारत चिमनी के समीप मोटरसाइकिल सवार अज्ञात अपराधियों ने पटना जिले के बाढ़ निवासी बकरी व्यवसायी नानू सा, पिता उस्मान शाह, को रोककर मारपीट का भय दिखाया और उनसे 21,500 रुपये लूट लिए थे।

 

घटना के बाद पीड़ित द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मोहिउद्दीननगर थाना में कांड संख्या 86/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया, जिसमें अपर थानाध्यक्ष अन्नू सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक राम कुमार, पीएसआई नीतीश कुमार सहित अन्य पुलिस बल और ग्रामीण पुलिस बल को शामिल किया गया।

 

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर मोहिउद्दीननगर उत्तर पंचायत के टेढ़ी बाजार में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने सलीम खान उर्फ पॉल, पिता फुंदन शाह, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से लूट की राशि में से 6,500 रुपये नगद भी बरामद किए हैं।

 

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, इस लूट कांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा कर लिया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *