भागलपुर में जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि आनंद मार्ग क्षेत्र में कुछ लोग जबरन जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से जमीन पर अवैध कब्जा करने का काम करता था और लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त था।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 8 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि जब्त मोबाइल फोन की जांच के दौरान जमीन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं। इन कागजातों की गहन जांच की जा रही है, जिससे गिरोह के पूरे नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान की जा सके।
पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस ने साफ तौर पर कहा है कि जमीन कब्जा जैसे अवैध कार्यों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।
