जामताड़ा पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम विष्टोपुर स्थित मोचीटोली के जंगल में छापेमारी की। इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक प्रकाश सेठ ने किया, जिसमें निरीक्षक वैभव सिंह, एएसआई ईश्वर मरांडी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। वहीं पुलिस प्रशिक्षु उपाधीक्षक चंद्रशेखर ने साइबर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को मौके पर ही ठगी करते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कालू दाँ (29 वर्ष), अबोध मंडल (41 वर्ष) और दयाल दाँ (27 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी नारायणपुर थाना क्षेत्र, जिला जामताड़ा के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने इनके पास से 4 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया जा रहा था। इस मामले में जामताड़ा साइबर थाना कांड संख्या 21/26, दिनांक 9 अप्रैल 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी गूगल पर “TATA CARD” सर्च कर फर्जी लॉगिन पेज तैयार करते थे। इसके जरिए वे लोगों से 10 अंकों का नंबर डलवाकर वैध क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर लेते थे और फिर ई-वॉलेट के माध्यम से ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।
बताया जा रहा है कि इनका नेटवर्क सिर्फ जामताड़ा तक सीमित नहीं था, बल्कि पूरे देश में फैला हुआ था। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी है।
जामताड़ा से संतोष की रिपोर्ट
