भीषण गर्मी के बीच जामताड़ा जिला प्रशासन पेयजल संकट से निपटने के लिए पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को एसडीओ अनंत कुमार ने सुपायडीह पंचायत का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया।
एसडीओ अनंत कुमार ने सुपायडीह पंचायत में पैदल भ्रमण कर विभिन्न इलाकों में पेयजल की स्थिति को करीब से देखा। इस दौरान उन्होंने पंचायत के मुखिया, जलसहिया, वार्ड सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर खराब पड़े चापाकल और पानी टंकियों की स्थिति सामने आई, जिस पर एसडीओ ने संबंधित विभाग को तत्काल मरम्मत करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि गर्मी के इस मौसम में पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मीडिया से बातचीत करते हुए एसडीओ ने बताया कि 9 अप्रैल से 18 अप्रैल तक पूरे जिले में पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रशासन की टीमें गांव-गांव जाकर पानी से जुड़ी समस्याओं का सर्वे कर रही हैं और प्राथमिकता के आधार पर उन्हें दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि जैसे-जैसे तापमान बढ़ रहा है, वैसे-वैसे पानी की समस्या गंभीर हो सकती है। ऐसे में पहले से तैयारी करते हुए खराब पड़े सभी चापाकलों, पाइपलाइन और जल आपूर्ति इकाइयों को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
एसडीओ अनंत कुमार ने बताया कि पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से इस अभियान को सफल बनाने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि पखवाड़े के दौरान अधिक से अधिक गांवों में पेयजल से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर दिया जाए, ताकि लोगों को गर्मी में राहत मिल सके।
जिला प्रशासन का दावा है कि इस विशेष अभियान के माध्यम से पेयजल संकट पर काफी हद तक काबू पाया जा सकेगा और आम लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
जामताड़ा से संतोष की रिपोर्ट
