बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में राजाबेड़ा के पास एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां डीएवी भंडारीदह की स्कूल बस और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बस में सवार करीब 12 बच्चे घायल हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

 

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायल बच्चों को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल अस्पताल में कुछ बच्चों का इलाज चल रहा है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

 

हादसे की सूचना मिलते ही बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा तत्काल अस्पताल पहुंचे और इलाजरत बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों की स्थिति की जानकारी ली और डॉक्टरों से बातचीत कर इलाज की पूरी व्यवस्था का जायजा लिया।

 

उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि फिलहाल 6 बच्चों का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है और सभी की हालत नियंत्रण में है। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों का बेहतर तरीके से इलाज किया जा रहा है और वे इससे संतुष्ट हैं।

 

साथ ही उपायुक्त ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिले में चल रही सभी स्कूल बसों का ऑडिट कराया जाएगा ताकि सुरक्षा मानकों की जांच हो सके। इसके अलावा उन्होंने यह भी प्रस्ताव रखा कि स्कूल बसों के पीक आवर के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही को कुछ समय के लिए रोका जाए या वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाए, जिससे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 

वहीं अस्पताल पहुंचे घायल बच्चों के परिजनों ने इस घटना को लेकर बस चालक और स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का कहना है कि यदि सावधानी बरती जाती, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था।

 

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

 

संवाददाता: चंदन सिंह

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *