झारखंड के बोकारो जिले से बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है, जहां उत्पाद विभाग की टीम ने नकली शराब बनाने के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब के साथ-साथ उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और सामग्री भी जब्त किए गए हैं।
दरअसल, बोकारो उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि सियाल जोड़ी ओपी थाना क्षेत्र के मुंनदनिया बस्ती में अवैध रूप से नकली अंग्रेजी शराब तैयार की जा रही है। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान वहां चल रही नकली शराब फैक्ट्री का खुलासा हुआ।
टीम ने मौके से कुल 102 पेटी विभिन्न ब्रांड की नकली अंग्रेजी शराब बरामद की है। इसके अलावा शराब निर्माण में उपयोग किए जाने वाले करीब 105 लीटर स्पिरिट, 3 पंचिंग मशीन, विभिन्न ब्रांड के रैपर, स्टीकर, ढक्कन और बड़ी संख्या में खाली बोतलें भी जब्त की गई हैं। बरामद शराब और अन्य सामान की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में उत्पाद विभाग के प्रोबेशन इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पूरा कारोबार काफी संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही इस अवैध फैक्ट्री का संचालक इरफान अंसारी मौके से फरार हो गया।
फिलहाल, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
