बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजाबेड़ा के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब डीएवी भंडारीदह की एक स्कूल बस और ट्रक (डाला गाड़ी) के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में बस में सवार दो दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए।

 

बताया जा रहा है कि स्कूल बस में छात्र-छात्राएं सवार थे, तभी सामने से तेज गति में आ रहे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में बैठे अधिकांश बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद बच्चों में दहशत का माहौल बन गया और कई बच्चे रोने लगे।

 

घायल बच्चों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत चंद्रपुरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। वहीं गंभीर रूप से घायल बच्चों में से एक को बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर किया गया है।

 

बस में सवार बच्चों ने बताया कि बस और ट्रक दोनों ही तेज गति में थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। बच्चों के अनुसार, टक्कर के बाद वे सभी घबरा गए थे, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

 

घटना की सूचना मिलते ही बेरमो के एसडीओ मुकेश मछुआ भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में लगभग 10 से 12 बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें चार बच्चों को बोकारो जनरल अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि राहत की बात यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, हालांकि एक बच्चे की हालत थोड़ी गंभीर बनी हुई है।

 

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *