बिहार के भागलपुर रेलवे जंक्शन पर एक बार फिर सिविक सेंस की कमी और सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी सामने आई है। सुबह के समय स्टेशन पर ऐसा खतरनाक नजारा देखने को मिला, जिसने यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों को हैरान कर दिया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब यात्री गाड़ियां या मालगाड़ियां प्लेटफॉर्म पर खड़ी होती हैं, तो कई लोग जल्दबाजी में एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए ट्रेन के नीचे से गुजरते नजर आते हैं। यह न केवल रेलवे नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सीधे तौर पर अपनी जान को जोखिम में डालने जैसा है।

 

सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और Government Railway Police (GRP) की ओर से कोई सख्ती या रोक-टोक नजर नहीं आई। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर सुरक्षा एजेंसियां इस तरह की खतरनाक गतिविधियों को नजरअंदाज क्यों कर रही हैं।

 

रेलवे प्रशासन समय-समय पर यात्रियों से फुटओवर ब्रिज या सबवे का इस्तेमाल करने की अपील करता है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। जागरूकता की कमी और लापरवाही के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि स्टेशन पर सख्ती बढ़ाई जाए और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, जो अपनी और दूसरों की जान खतरे में डालते हैं।

 

जरूरत है कि रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मिलकर न सिर्फ नियमों को सख्ती से लागू करें, बल्कि यात्रियों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाएं, ताकि इस तरह की जानलेवा लापरवाही पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *