बिहार के भागलपुर में बढ़ते अपराध को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने अपराध गोष्ठी का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता खुद एसएसपी ने की, जिसमें नगर पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी शामिल हुए।
गोष्ठी में जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और अनुसंधान कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नए आपराधिक कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और कंप्यूटर संचालन, ई-साक्ष्य एप तथा अन्य डिजिटल पोर्टलों पर दक्षता के साथ कार्य किया जाए।
शहरी क्षेत्रों में बढ़ रही बाइक चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने और ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही थानों में आने वाले पीड़ितों की शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि मार्च 2026 में कुल 813 कांडों के विरुद्ध 1122 कांडों का निष्पादन किया गया, जो पुलिस की सक्रियता को दर्शाता है। लंबित मामलों के जल्द निष्पादन, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और जमानत पर छूटे अपराधियों की निगरानी के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए।
एसएसपी ने फरार अभियुक्तों के खिलाफ वारंट प्राप्त कर कार्रवाई तेज करने और गंभीर मामलों में त्वरित अनुसंधान कर दोषियों को सजा दिलाने के लिए अभियोजन पक्ष के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
इसके अलावा आईटी एक्ट से जुड़े मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर प्रभावी जांच, भूमि विवाद के मामलों का त्वरित निपटारा और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती बढ़ाने के निर्देश दिए गए। पुलिस कर्मियों के टर्नआउट, थानों की साफ-सफाई और CCTNS समेत अन्य पोर्टलों पर समय से डेटा प्रविष्टि सुनिश्चित करने को भी प्राथमिकता दी गई।
इस गोष्ठी के माध्यम से जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराध पर नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति तय की गई है।
