बिहार के नवगछिया में टोटो चालक सिटू कुमार की हत्या और लूट मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई टोटो की बैटरी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

 

मामला उस समय सामने आया जब मृतक के पिता राजेश कुमार ने खरीक थाना में अपने बेटे के लापता होने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि सिटू कुमार रोज की तरह टोटो चलाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की।

 

जांच के दौरान पुलिस ने टोटो को कलवलिया धार से बरामद किया, जबकि अम्भो-दादपुर सड़क किनारे एक गड्ढे से सिटू कुमार का शव मिला। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के पिता के फर्दब्यान के आधार पर खरीक थाना कांड संख्या 84/26 दर्ज किया गया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों—श्रीचन कुमार, सुदामा शर्मा, बादल शर्मा और लड्डू शर्मा—को गिरफ्तार कर लिया।

 

पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने लूट के इरादे से टोटो को रिजर्व किया था। इसके बाद चालक को तुलसीपुर स्थित केले के बागान में ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने टोटो की बैटरी और मोबाइल लूट लिया तथा शव को गड्ढे में फेंक दिया और टोटो को दूसरे स्थान पर छोड़ दिया।

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का आपराधिक इतिहास भी रहा है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *