बिहार के कहलगांव से एक बड़ी और संवेदनशील खबर सामने आई है, जहां सेंट जोसफ स्कूल पकड़तल्ला के प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले ने तूल पकड़ लिया है और प्रशासन भी सक्रिय हो गया है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल के प्रिंसिपल फादर बोनीफेस मरांडी पर एक अभिभावक ने उनके बच्चे के साथ प्रताड़ना, अभद्र व्यवहार और अन्य संगीन आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता, जो पेशे से योगा शिक्षिका हैं, ने आरोप लगाया है कि प्रिंसिपल ने उनके साथ-साथ उनकी दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि जब उन्होंने इस मामले की शिकायत करने की कोशिश की, तब भी उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश का माहौल बन गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया। कहलगांव के एसडीओ सूर्य कुमार सिंह स्वयं प्रशासनिक टीम के साथ स्कूल पहुंचे और करीब तीन घंटे तक मामले की जांच की। जांच टीम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, महिला हेल्प डेस्क, चाइल्ड हेल्प डेस्क, सीडीपीओ, अल्पसंख्यक विभाग और रसलपुर थाना की पुलिस भी शामिल रही।
जांच के दौरान प्रशिक्षु आईएएस सह एसडीओ कृष्ण चंद्र गुप्त ने बताया कि प्राथमिक स्तर पर कई गंभीर आरोप सामने आए हैं। इनमें सेक्शुअल हैरेसमेंट, हर साल किताब बदलने का दबाव और स्कूल परिसर में मनमाने दाम वसूलने जैसे आरोप शामिल हैं।
फिलहाल, प्रशासन की टीम स्कूल के शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। पूरे मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट जल्द ही तैयार कर सौंपी जाएगी।
वहीं, प्रिंसिपल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने न तो जांच टीम से मुलाकात की और न ही फोन का जवाब दिया। अब सभी की नजरें प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं कि सच्चाई क्या है और आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
