बिहार के नवगछिया अनुमंडल स्थित प्रसिद्ध तेतरी दुर्गा मंदिर प्रांगण में 17 अप्रैल को नि:शुल्क सामूहिक विवाह महोत्सव के चौथे संस्करण का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर आयोजकों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा की।
आयोजकों ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से इस महोत्सव का सफल आयोजन किया जा रहा है, जिसमें अनाथ, दिव्यांग, आर्थिक रूप से कमजोर तथा अंतरजातीय विवाह करने वाले जोड़ों को प्राथमिकता दी जाती रही है। इस वर्ष भी कुल 25 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक अनुज चौरसिया ने बताया कि इस बार नवगछिया पुलिस जिला के विभिन्न गांवों से लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चार दिव्यांग जोड़े, सात अनाथ तथा अन्य गरीब परिवारों के युवक-युवतियों का रजिस्ट्रेशन किया गया है।
इस विवाह महोत्सव में सभी जोड़ों को पूरी तरह नि:शुल्क विदाई दी जाएगी। इसके तहत शादी से जुड़ी सभी आवश्यक सामग्री, बारातियों के लिए भोजन और नाश्ता, श्रृंगार सामग्री, एक माह का राशन, बर्तन सेट, बड़ा बक्सा, बाल्टी सेट सहित अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं दी जाएंगी।
इस आयोजन की खास बात यह है कि प्रत्येक नवविवाहित दुल्हन को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एक-एक सिलाई मशीन भी दी जाएगी, ताकि वे विवाह के बाद स्वरोजगार कर सकें।
आयोजकों के अनुसार इस वर्ष भागलपुर, बांका, मुंगेर, पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, बेगूसराय और लखीसराय समेत करीब 11 जिलों से 25 जोड़ों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों का सहयोग मिल रहा है। लोग धन, सामग्री और श्रमदान के रूप में योगदान दे रहे हैं। आयोजन समिति ने सभी लोगों से सहयोग और आशीर्वाद की अपील की है, ताकि यह सामाजिक पहल और भी सफल हो सके।
