बिहार के भागलपुर जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान पासीटोला निवासी अमृता कुमारी (24 वर्ष), पति राजा चौधरी के रूप में हुई है।

 

पुलिस के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त महिला अपने घर से ही अवैध रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान नाथनगर की प्रभारी अंचलाधिकारी खुशबू आजम की मौजूदगी में विधिवत तलाशी ली गई।

 

तलाशी के दौरान पुलिस ने महिला के घर से 10.25 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा संदिग्ध पदार्थ बरामद किया। इसके साथ ही 1485 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस ने मौके से ही अमृता कुमारी को गिरफ्तार कर लिया।

 

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी महिला अपने घर से ही नशे का अवैध कारोबार चला रही थी। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

 

इस मामले में ललमटिया थानाध्यक्ष दीपक पासवान ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है, ताकि इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *